ऋषिकेश, फ़रवरी 27 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में तड़के सुबह रायवाला क्षेत्र में आबकारी विभाग की सतर्कता ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े खेल का पर्दाफाश कर दिया। नियमित चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक द्वारा वाहन तेज गति से भगाने पर टीम ने पीछा कर श्यामपुर फाटक से पहले कार को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर वाहन से हरियाणा ब्रांड की 5 पेटी रॉयल स्टैग शराब बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह खेप ऐम्स ऋषिकेश के पास सप्लाई की जानी थी। बरामद शराब उत्तराखंड में बिक्री हेतु अधिकृत नहीं थी।
मौके से गिरफ्तार युवक ने अपना नाम निखिल कुमार अग्रवाल पुत्र सुरेंद्र कुमार अग्रवाल निवासी ज्वालापुर, हरिद्वार बताया। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह टैक्सी के माध्यम से दिल्ली और हरियाणा से सवारी लाने के साथ-साथ वहां से सस्ती शराब खरीदकर उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर खपाता है। उसने स्वीकार किया कि इससे पहले भी वह कई स्थानों पर अवैध सप्लाई कर चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित