ऋषिकेश, दिसंबर 09 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के 'ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025' अभियान के तहत देहरादून पुलिस नशा तस्करों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में रायवाला पुलिस ने मंगलवार चेकिंग के दौरान तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने फुजैल से 13.30 ग्राम स्मैक, वसीम से 18.64 ग्राम स्मैक और अजय उर्फ मोनू से 158 ग्राम चरस बरामद की।

फुजैल और वसीम बिलिंकिट कंपनी में डिलीवरी बॉय हैं। वे घरेलू सामान की डिलीवरी की आड़ में स्मैक बेचते थे। दोनों ने बताया कि उन्होंने स्मैक सहारनपुर के इलियास से खरीदी थी और उसे स्थानीय लोगों व कॉलेज छात्रों को बेचने जा रहे थे। पुलिस चेकिंग में दोनों अलग-अलग स्थानों से पकड़े गए।

अजय उर्फ मोनू हरिद्वार में वेटर का काम करता है। वह चरस कुरुक्षेत्र से लाया था और उसे बाबा लोगों को बेचने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने उसे पहले ही पकड़ लिया। वह पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित