रायबरेली , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के हरचंदपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार स्कूली वैन अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे सीएचसी हरचंदपुर के पास हुई। बताया गया है कि वैन चालक सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में संतुलन खो बैठा, जिसके बाद वैन सड़क किनारे खाई में गिरकर पलट गई।
हादसे में वैन में सवार लगभग आधा दर्जन स्कूली छात्र घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल छात्रों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना में सभी घायल सुरक्षित हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित