रायबरेली , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के मिल एरिया क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों की चेकिंग के दौरान मंगलवार तड़के एक अज्ञात डंपर ने खनन अधिकारी की गाड़ी में टक्कर मार दी। हादसे में खनन अधिकारी बाल-बाल बच गए, जबकि उनकी स्कॉर्पियो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि खनन अधिकारी सुरेश कुमार लाकड़ा अपने चालक व कर्मचारियों के साथ सुबह करीब चार बजे रायबरेली-अयोध्या मार्ग पर शारदा नहर के पास ओवरलोड मोरंग ट्रकों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक को रोकने का प्रयास किया जा रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

थाना मिल एरिया प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना में वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है, लेकिन उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित