रायबरेली , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के ऊंचाहार क्षेत्र में लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया सामान, अवैध असलहा, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि ग्राम पूरे बदली मजरे मिजरपुर निवासी अंकित पाल बीते गुरुवार रात करीब 10 बजे मदारीगंज से अपने घर लौट रहे थे। हटवा और लक्ष्मीगंज गांव के बीच डिहवा स्थित एक किराना स्टोर के पास दो बाइक सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और बैग, मोबाइल, पर्स व स्मार्टवॉच लूटकर फरार हो गए। बैग में एक कंपनी का लैपटॉप समेत अन्य सामान रखा था। सूचना पर डायल 112 व स्थानीय पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मुकदमा दर्ज किया।

जांच के दौरान गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस व अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए ऊंचाहार क्षेत्र के खरौली पुल के पास एक बाग से 18 से 21 वर्ष आयु वर्ग के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अमन तिवारी, क्रिस कुमार, आदर्श पासी उर्फ नन्नू, दीप वाल्मीकि उर्फ काला, अश्वनी उर्फ शनि तथा अमित रावत उर्फ अमित कुमार शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चटपटे और लजीज पकवानों के शौकीन हैं तथा खर्च के लिए रुपये न मिलने पर योजना बनाकर लूट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने उनके पास से एक लैपटॉप, स्मार्टवॉच, डायरी, एक तमंचा व .315 बोर का जिंदा कारतूस तथा तीन मोटरसाइकिलें (एक बिना नंबर प्लेट) बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों की अब तक कोई आपराधिक हिस्ट्रीशीट दर्ज नहीं है। मामले में संबंधित धाराओं की वृद्धि कर विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक समेत अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित