रायबरेली , मार्च 11 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली से सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक आयोजित होगी।

जिलाधिकारी कार्यालय से जारी कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के नुसार बैठक अपराह्न तीन बजे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बचत भवन सभागार में होगी। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए कुल 82 एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा प्रस्तावित है।

जिला प्रशासन ने इस बैठक के लिए सांसद के साथ जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों सहित करीब 92 लोगों को सूचना भेजी है। इनमें विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर निकाय प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हैं। बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि सिंचाई योजना समेत केंद्र और राज्य सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं आदि की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने बुधवार को बताया कि राहुल गांधी का दिशा समिति की बैठक में शामिल होना और उसकी अध्यक्षता करना सुनिश्चित है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी गुरुवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचेंगे और रात में यहीं रुकेंगे। इस दौरान वह स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी करेंगे।श्री तिवारी के अनुसार राहुल गांधी शुक्रवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित