रायबरेली , फरवरी 03 -- उत्तर प्रदेश में बछरावां थाना क्षेत्र के राजा मऊ इलाके में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 35 वर्षीय युवक का शव एक पेड़ से लटका मिला।

मृतक सोमवार दोपहर से लापता था। सुबह करीब नौ बजे ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस एग्रो फर्म के पास स्थित छोटे जंगल में पहुंची, जहां युवक का शव रस्सी के सहारे पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार शव अर्ध-लटका हुआ था और पैर का पंजा जमीन को छू रहा था। मौके से एक पायल, मोबाइल फोन और कंडोम भी बरामद होने की बात कही गई है। पुलिस का कहना है कि अर्ध-हैंगिंग की स्थिति में भी मौत संभव है। इधर, परिजनों ने आत्महत्या की आशंका से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि युवक की मोटरसाइकिल सोमवार शाम एक इंटर कॉलेज के पास मिली थी और शव की स्थिति संदिग्ध थी।

ग्रामीणों के मुताबिक मृतक के गांव की एक महिला से संबंध होने की चर्चा थी। आरोप है कि महिला और उसकी बेटी ने मिलकर हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया। हालांकि पुलिस ने कहा है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित