रायबरेली , फरवरी 08 -- रायबरेली जिले में ऊंचाहार क्षेत्र स्थित सुपर मार्केट नामक व्यावसायिक मॉल में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से दो दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उस पर काबू पाया जा सका। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक आग मॉल के ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर स्थित दुकानों तक फैल गई, जिससे वहां रखा कीमती सामान जलकर नष्ट हो गया। दुकानों के स्वामी इसी भवन के ऊपरी हिस्से में रहते हैं। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर दमकल विभाग और एनटीपीसी की चार गाड़ियां पहुंचीं।

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस अग्निकांड में मॉल के ऊपर स्थित आवासीय हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है, जिसमें डॉ. महेंद्र वर्मा की संपत्ति क्षतिग्रस्त हुई है। ऊंचाहार थाना प्रभारी अजय राय ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित