रायबरेली , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार तड़के मुठभेड़ के दौरान करीब 23 आपराधिक मामलों में आरोपित एक हिस्ट्रीशीटर एवं चोरी के वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान महादेव उर्फ महाजन रैदास उर्फ राजेश (40) निवासी तकिया मैदानपुर के रूप में हुई है। उसे खपर मलंग पुलिया, त्रिपुला चौकी के पास सुबह लगभग तीन बजे हुई मुठभेड़ में पकड़ा गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से वांछित आरोपी के आने की सूचना मिली। कुछ देर बाद एक व्यक्ति वहां आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर वह भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा चोरी का गले का हार और चेन बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी क्षेत्र में चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहा है। उसके विरुद्ध चोरी, मारपीट, अवैध हथियार रखने तथा नशे से जुड़े मामलों सहित लगभग 23 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार बरामद हार और चेन हाल की चोरी की घटनाओं से संबंधित हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित