रायबरेली , फरवरी 24 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के भदोखर क्षेत्र में सोमवार देर रात किसी शरारती तत्व द्वारा महेरी माइनर काट दिए जाने से आसपास का बड़ा इलाका पानी में डूब गया। तेज बहाव के कारण खेतों में पानी फैल गया, जिससे किसानों की खड़ी फसल को भारी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार माइनर कटने से पानी तेजी से खेतों की ओर बढ़ा और देखते ही देखते दर्जनों बीघा भूमि जलमग्न हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि कई बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह पानी में डूब गई, जबकि सरसों व अन्य फसलें भी प्रभावित हुई हैं। किसानों का आरोप है कि यदि समय रहते निगरानी होती तो इतना बड़ा नुकसान नहीं होता।

घटना की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर धर्मेंद्र मौर्य ने मंगलवार को बताया कि देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नहर काटी गई थी। सूचना मिलते ही विभाग ने कटे स्थान की मरम्मत कर पानी के तेज बहाव को रोक दिया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।

फसलों को हुए नुकसान से किसानों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित