रायबरेली , मार्च 9 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के बछरांवा क्षेत्र में सोशल मीडिया पर लाइव आकर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने सोमवार को बताया कि बछरांवा निवासी हरिओम चतुर्वेदी की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कमनी तालाब, बछरांवा निवासी सलाउद्दीन मंसूरी ने फेसबुक पर लाइव आकर उन्हें और उनके परिवार को भद्दी गालियां दीं तथा जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस के अनुसार आरोपी की इस हरकत से पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल बन गया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सलाउद्दीन मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी को धमकाने या आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित