रायबरेली , अप्रैल 08 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली के थाना ऊंचाहार क्षेत्र में चोरी की मोटरसाइकिल के साथ तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद की है।
पुलिस सूत्रों से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार ऊंचाहार इलाके में चोरी की मोटरसाइकिल के साथ तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। ऊंचाहार पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गढ़ी नेवादा अंडरपास के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में उदय प्रताप सिंह उर्फ शिवम सिंह, दीप नारायण पाठक और हिमांशु सिंह शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार वादी अभिषेक कुमार ने बीते मंगलवार को तहरीर देकर बताया था कि सोमवार- मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने उसकी हीरो पैशन बाइक घर के बाहर से चोरी कर ली है। इस पर थाना ऊंचाहार में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बाइक चोरी की घटना स्वीकार की है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित