रायबरेली , मई 2 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली के लालगंज स्थित मॉडर्न कोच फैक्ट्री (एमसीएफ) ने अपनी पहली वंदे भारत ट्रेन सेट को तैयार कर परीक्षण एवं फील्ड ट्रायल के लिए रवाना कर दिया है। इस उपलब्धि के साथ एमसीएफ भी अब वंदे भारत ट्रेनसेट निर्माण करने वाली इकाइयों की श्रेणी में शामिल हो गया है।एमसीएफ के प्रवक्ता अनिल कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि 16 कोच वाली वंदे भारत चेयर कार रेक है, जिसमें अत्याधुनिक सीमेंस प्रोपल्शन सिस्टम लगाया गया है। नियमित यात्री सेवा में शामिल होने से पहले ट्रेन का ऑस्सिलेशन ट्रायल कराया जाएगा, जिसमें इसकी राइड क्वालिटी, सुरक्षा मानकों और डायनेमिक परफॉर्मेंस का परीक्षण होगा।

वंदे भारत ट्रेन की खासियतों को बरकरार रखते हुए इस ट्रेनसेट में कई तकनीकी सुधार किए गए हैं, जिससे इसकी विश्वसनीयता और सुरक्षा और बेहतर हो सके। ट्रेन में आरामदायक सीटें, झटके रहित यात्रा, पूरी तरह सील गैंगवे और ऑटोमेटिक प्लग डोर लगाए गए हैं, जिससे शोर कम होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित