रायबरेली , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र में डायलिसिस और आर्थिक तंगी से परेशान एक अधेड़ द्वारा शारदा नहर में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। घटना के 24 घंटे बाद भी लापता व्यक्ति का कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरजा शंकर शर्मा (55) के नहर में कूदने की सूचना मिली थी। परिजनों ने बताया कि वह लंबे समय से बीमार थे और उनका नियमित डायलिसिस चल रहा था। इलाज के बढ़ते खर्च के कारण परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। आशंका जताई जा रही है कि मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। घटना स्थल से उनकी चप्पल, शॉल और कपड़े बरामद हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू कराई।

पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम भी नहर में सघन तलाशी अभियान चला रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित