रायपुर , मार्च 12 -- छत्तीगढ में बढ़ती गर्मी के मद्देनजर कर्मचारियों को राहत देने के उद्देश्य से रायपुर रेल मंडल में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है, जिसकी जानकारी गुरुवार को रेलवे ने साझा की ।
रेलवे प्रशासन ने बढ़ते तापमान को ध्यान में रखते हुए टिकट चेकिंग स्टाफ को ड्यूटी के दौरान बिना अस्तीन वाला कोट (स्लीवलेस कोट) पहनने की अनुमति प्रदान की है।
गर्मी के दौरान प्लेटफॉर्म, ट्रेनों तथा खुले वातावरण में लगातार ड्यूटी करने वाले टिकट चेकिंग स्टाफ को तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ता है। ऐसे में स्लीवलेस कोट पहनने की अनुमति से कर्मचारियों को अधिक आरामदायक वातावरण मिलेगा, जिससे वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन बेहतर तरीके से कर सकेंगे।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी ने बताया कि कर्मचारियों के लिए अनुकूल कार्य वातावरण उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। इससे कर्मचारी अधिक ऊर्जा और दक्षता के साथ कार्य कर सकेंगे, जिसका सीधा लाभ यात्रियों को बेहतर और त्वरित सेवाओं के रूप में मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित