रायपुर , फरवरी 13 -- छत्तीसगढ़ के रायपुर रेलवे स्टेशन में सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की गई। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 से पुलिस ने गांजा तस्करी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से करीब 18 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी बाजार कीमत लगभग दो लाख 88 हजार रुपए आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, गुढ़ियारी थाना क्षेत्र की टीम को रेलवे स्टेशन परिसर में गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर तत्काल घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से मादक पदार्थ बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राघवेंद्र सिंह और झम्मन सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि वे ट्रेन के माध्यम से गांजा की सप्लाई करने की फिराक में थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक औषधि एवं मनोरोगी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित