रायपुर , मार्च 13 -- ) छत्तीसगढ़ के रायपुर रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने 13 किलोग्राम गांजा के साथ प्रेमी-प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि गुढ़ियारी थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में रेलवे प्लेटफॉर्म संख्या सात के बाहर पार्किंग से 13 किलो से अधिक गांजा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर प्रेमी-प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिला के मोचार खास निवासी राजेंद्र प्रसाद (29) और छत्तीसगढ़ में बिलासपुर जिला के कारगिरोड निवासी हेमलता कैवर्त्य (30) के रूप में हुई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे प्लेटफॉर्म संख्या सात के बाहर एक महिला और पुरुष बैग में गांजा लेकर कहीं जाने की फिराक में खड़े हैं। सूचना के बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के निर्देश पर थाना गुढ़ियारी पुलिस ने आरपीएफ के साथ संयुक्त टीम बनाकर मौके पर दबिश दी।

टीम ने संदिग्धों को पकड़कर उनके बैग की तलाशी ली, जिसमें 13 किलो 156 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे प्रेमी-प्रेमिका हैं और पुलिस से बचने के लिए पति-पत्नी बनकर यात्रा करते थे। वे ओडिशा के खरियार रोड से गांजा लाकर प्रयागराज तस्करी करने जा रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के साथ दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब छह लाख 77 हजार 800 रुपये आंकी गई है। इस मामले में थाना गुढ़ियारी में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित