रायपुर , अप्रैल 17 -- ) छत्तीसगढ़ में रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित विधायक कॉलोनी में भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर विपुल यादव की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
आरोपी पत्नी अर्जिता श्रीवास्तव पर मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं, जिसके आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला कायम किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 10 और 11 मार्च की मध्य रात्रि की है। विंग कमांडर विपुल यादव (39) ने अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर जान दे दी थी। घटना के बाद तेलीबांधा थाना में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई थी।
जांच में सामने आया कि घटना के समय उनकी पत्नी अर्जिता श्रीवास्तव बेंगलुरु में कार्यरत थीं और घटना से दो दिन पहले दिल्ली चली गई थीं। दंपत्ति के दो बच्चे रायपुर स्थित आवास में ही रह रहे थे। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद की स्थिति होने की जानकारी मिली है।
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। विंग कमांडर यादव ने अपने बेडरूम में पंखे से लटककर आत्महत्या की थी, जबकि दोनों बच्चे दूसरे कमरे में मौजूद थे। सुबह घरेलू सहायिका ने घटना की जानकारी पुलिस को दी थी।
बताया गया है कि विपुल यादव छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पदस्थ थे। वर्ष 2014 में उन्होंने अर्जिता श्रीवास्तव से प्रेम विवाह किया था। अर्जिता पूर्व में वायुसेना से जुड़ी रही हैं और वर्तमान में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र में कार्यरत हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित