रायपुर , मार्च 11 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में भारतीय वायुसेना के एक सेवानिवृत्त विंग कमांडर ने फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विपुल यादव (39) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले थे।

तेलीबांधा पुलिस से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार यह घटना मंगलवार रात की है जिसकी जानकारी आज सुबह पुलिस को मिली जिसके बाद पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंची ।

पुलिस ने बताया कि, विपुल यादव तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित विधायक विश्राम गृह के बंगला नंबर 79 में अपने परिवार के साथ अस्थायी रूप से रह रहे थे। उन्होंने कल अपने आवास पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित