रायपुर , मार्च 29 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार देर रात दो गुटों के बीच हुयी हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार विवाद की शुरुआत एक बाइक टक्कर की घटना से हुई थी। बताया जाता है कि बढ़ई पारा के कुछ नाबालिगों और मोमिन पारा के युवकों के बीच रात लगभग 10:30 से 11 बजे के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब दोनों पक्षों के अन्य लोग भी इसमें शामिल हो गए। झड़प के दौरान लाठी-डंडों का उपयोग किया गया, वहीं कुछ लोगों द्वारा धारदार हथियारों के इस्तेमाल की भी आशंका जताई जा रही है। इस घटना में तीन युवकों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दोनों पक्षों के करीब छह लोग घायल हुए हैं।

घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग देर रात तक थाने पहुंच गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

आजाद चौक के सहायक पुलिस आयुक्त इशु अग्रवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया गया। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मामले की जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित