रायपुर , मार्च 22 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार उसने प्रीमियम ट्रेन के जरिए गांजा तस्करी कर रही दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। वहीं शहर के गुढ़ियारी क्षेत्र में पुलिस ने अलग कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थओं के साथ दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
एनसीबी को खुफिया सूचना मिली थी कि आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से दो युवतियां मादक पदार्थ लेकर रायपुर पहुंचने वाली हैं। सूचना के आधार पर टीम ने रायपुर रेलवे स्टेशन पर निगरानी बढ़ा दी। रात करीब साढ़े दस बजे वंदे भारत ट्रेन से उतरने के बाद जैसे ही दोनों युवतियां वीआईपी गेट से बाहर निकलने लगीं, टीम ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके सामान से करीब 24 किलो गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों की पहचान बिलासपुर के तिफरा क्षेत्र निवासी नीलम राठौर (23) और रीना वर्मा (21) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी जांच से बचने के लिए प्रीमियम ट्रेनों का उपयोग कर रही थीं, यह मानकर कि यहां जांच अपेक्षाकृत कम होती है।
एनसीबी अब इस पूरे मामले में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। एजेंसी को आशंका है कि यह मामला बड़े गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
इसी कड़ी में रायपुर पुलिस ने गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया।
आरोपी पुलिस से बचने के लिए नशीली दवाओं को खिलौनों के डिब्बों में छिपाकर सप्लाई करते थे। तलाशी में उनके पास से 676 प्रतिबंधित गोलियां बरामद की गईं।
पुलिस और जांच एजेंसियों ने साफ किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही इस तरह के मामलों में शामिल नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने पर जोर दिया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित