रायपुर , मार्च 27 -- इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के दूसरे चरण के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर क्रिकेट के बड़े आयोजन की मेजबानी के लिए तैयार है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने दो घरेलू मुकाबले यहां स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, आरसीबी का पहला मुकाबला 10 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ और दूसरा 13 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। टूर्नामेंट के शेष लीग मैच 13 अप्रैल से 24 मई के बीच आयोजित किए जाएंगे।
इन मुकाबलों में विराट कोहली, रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या जैसे प्रमुख खिलाड़ियों के मैदान में उतरने की संभावना है, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह है। वहीं केकेआर के मैच को लेकर टीम के सह-मालिक शाहरुख खान के रायपुर आगमन की भी चर्चा है।
मैचों के मद्देनज़र स्टेडियम में दर्शकों की सुविधाओं को अपग्रेड किया जा रहा है। विशेष रूप से गोल्ड और प्रीमियम श्रेणी की सीटों में सुधार के साथ-साथ वीआईपी दर्शकों के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सीमित स्थान के बावजूद कुछ नई वीआईपी सीटें जोड़ने की तैयारी है ताकि अधिक संख्या में दर्शकों को बेहतर अनुभव मिल सके।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है। आयोजकों के अनुसार, भीड़ प्रबंधन और आपात स्थिति से निपटने के लिए विस्तृत योजना बनाई गई है। लोकप्रिय खिलाड़ियों, विशेषकर विराट कोहली की मौजूदगी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2016 के बाद पहली बार रायपुर में आईपीएल मैचों का आयोजन हो रहा है। अब एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस यह स्टेडियम बड़े क्रिकेट आयोजन का साक्षी बनेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित