रायपुर , मार्च 22 -- छत्तीसगढ में रायपुर कमिश्नरेट के उत्तरी क्षेत्र पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खमतराई थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण के आरोप में गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 16 नग इंडियन घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 64 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर क्षेत्र में अवैध कार्यों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में खमतराई थाना पुलिस को सूचना मिली कि बंजारी मंदिर के पास एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर अवैध रूप से रखे हुए है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और आरोपी संजय साव (30) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी गैस सिलेंडरों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर उसके खिलाफ थाना खमतराई में धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है। साथ ही मामले की जानकारी खाद्य विभाग को भी भेजी जा रही है, ताकि आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

गिरफ्तार आरोपी संजय साव ट्रांसपोर्ट नगर, रावाभाठा स्थित संतोष किराना स्टोर पार्किंग क्षेत्र का निवासी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित