रायगढ़ , जनवरी 16 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ के नगर पालिका निगम द्वारा "आपका शहर, आपकी जिम्मेदारी" अभियान के अंतर्गत राजस्व विभाग पूरी सक्रियता और गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। निगम की राजस्व टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी शुक्रवार को शहर के प्रत्येक वार्ड और घर-घर जाकर नगरवासियों को उनके लंबित एवं देय करों की जानकारी दे रही है।
राजस्व विभाग द्वारा नागरिकों को यह समझाया जा रहा है कि समय पर करों का भुगतान करना उनकी जिम्मेदारी होने के साथ-साथ शहर के विकास में भी अहम भूमिका निभाता है। अधिकारियों ने बताया कि समय पर कर भुगतान से नागरिक अतिरिक्त शुल्क, पेनल्टी एवं संभावित कानूनी कार्रवाई से बच सकते हैं।
नगर निगम ने कर भुगतान को आसान बनाने के लिए डिजिटल व्यवस्था को और मजबूत किया है। नागरिक प्ले स्टोर पर उपलब्ध "जोहर रायगढ़" मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑन-द-स्पॉट अपने सभी प्रकार के नगर निगम करों का ऑनलाइन भुगतान आसानी और सुरक्षित रूप से कर सकते हैं। यह ऐप पूरी तरह यूजर फ्रेंडली है, जिससे करदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती।
नगर निगम आयुक्त ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे निगम की इस डिजिटल पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और ऑनलाइन पोर्टल एवं मोबाइल ऐप के माध्यम से समय पर करों का भुगतान सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा पूर्व में लंबित करों का निपटारा किया जा चुका है।
आयुक्त ने कहा कि समय पर कर भुगतान से न केवल नागरिकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि रायगढ़ शहर के विकास, स्वच्छता, सड़कों, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान होगा ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित