रायगढ़ , जनवरी 22 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में जिला परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा विभाग द्वारा गुरुवार को कर्मचारियों की पहचान और सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक नई और सराहनीय पहल की गई है। विभाग के सभी कर्मचारियों को आधुनिक एवं हाईटेक पहचान पत्र प्रदान किए गए हैं, जिससे उनकी आधिकारिक पहचान सुनिश्चित हो सकेगी और शासकीय कार्यों के दौरान सुविधा बढ़ेगी।
समग्र शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह पहल कलेक्टर के निर्देश पर शुरू की गई है। पहचान पत्र के माध्यम से कर्मचारियों की पहचान आसानी से हो सकेगी, जिससे कार्यों में पारदर्शिता और सुगमता बनी रहेगी। उन्होंने बताया कि कई बार कलेक्टर कार्यालय या अन्य शासकीय कार्यालयों में आंदोलन अथवा विशेष परिस्थितियां उत्पन्न हो जाती हैं, जिससे कर्मचारियों को कार्यालय तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में आईडी कार्ड कर्मचारियों की पहचान का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनता है और उन्हें अनावश्यक असुविधा से बचाने में सहायक होता है।
इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि कार्यालय के प्रत्येक कर्मचारी को अनिवार्य रूप से पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे अपनी पहचान के साथ निर्बाध रूप से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें। इसके साथ ही विभाग द्वारा भविष्य में विशेष अवसरों एवं दिनों के लिए ड्रेस कोड लागू करने की भी योजना बनाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इससे विभाग में अनुशासन, एकरूपता और पहचान को बढ़ावा मिलेगा, वहीं आम जनता के बीच भी कर्मचारियों की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित