रायगढ़ , फरवरी 09 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में युवकों द्वारा की जा रही हिंसक घटनाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। रायगढ़ में युवकों के एक गुट द्वारा एक युवक पर किए गए हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब आठ मोटरसाइकिलों में सवार एक दर्जन से अधिक युवक हाथों में लोहे की रॉड लेकर दूसरे युवक की तलाश करते नजर आए। इसके बाद ढिमरापुर चौक के पास उक्त युवक को घेरकर उस पर हमला कर दिया गया। हमलावरों ने युवक को हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना का वीडियो किसी राहगीर द्वारा रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जो कुछ ही समय में वायरल हो गया। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित