रायगढ़, सितंबर 26 -- नवरात्र पर्व पर रायगढ़ में आस्था और श्रद्धा का अनोखा संगम देखने को मिला। शहर की पुरानी बस्ती और आसपास की महिलाओं ने हर साल की तरह इस बार भी विशाल चुनरी यात्रा का आयोजन किया।

चुनरी यात्रा की शुरुआत चांदमारी दुर्गा मंदिर से हुई और यह यात्रा शहर की आस्था एवं परंपरा के प्रतीक बूढ़ी माई नगर देवी मंदिर में जाकर संपन्न हुई। पिछले तीन वर्षों से लगातार इस परंपरा को निभाया जा रहा है और हर साल इसमें महिलाओं की भागीदारी और भी बढ़ रही है। पहले वर्ष जहां करीब 500 महिलाएं शामिल हुई थीं, वहीं इस बार यह संख्या एक हजार से अधिक तक पहुंच गई।

पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जय माता दी के गगनभेदी जयकारों से शहर का माहौल गूंज उठा। इस अवसर पर रायगढ़ महापौर, नगर निगम के एमआईसी मेंबर समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। आयोजकों का कहना है कि आने वाले वर्षों में इस यात्रा को और भव्य स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित