रायगढ़ , अप्रैल 01 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को रायगढ़ प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने राजापारा स्थित जगन्नाथ मंदिर रायगढ़ पहुंचकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए। इसके बाद वे उत्कल समाज के एक कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में 31 मार्च का दिन ऐतिहासिक रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा तय समय-सीमा के अनुरूप सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस का परिचय दिया, जिसके परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्त हुआ है। उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार और सुरक्षा बलों का आभार जताया।
साय ने कहा कि बस्तर क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत विशाल और प्राकृतिक रूप से समृद्ध है, लेकिन नक्सलवाद के कारण वहां के लोग पिछले चार दशकों से विकास की मुख्यधारा से दूर थे। अब नक्सलवाद के समाप्त होने के बाद इन क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और राशन जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद का उन्मूलन सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती था, लेकिन 'डबल इंजन' सरकार और जवानों के साहस से यह संभव हो सका। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है कि इस उपलब्धि का वास्तविक श्रेय किसे जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित