अयोध्या , दिसंबर 15 -- अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले डा राम विलास दास वेदांती का सोमवार को मध्य प्रदेश के रीवा में हृदयाघात से निधन हो गया। वह 77 साल के थे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद की तबीयत रविवार रात एक कथा कार्यक्रम के दौरान अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार को उनका निधन हो गया। डा वेदांती ने राम मंदिर आंदोलन में अहम भूमिका निभायी थी। वह 1990 के दशक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गुरु महंत अवैद्यनाथ और महंत परमहंस दास के साथ मंदिर आंदोलन के मुख्य चेहरों में से एक थे। वह 1996 और 1998 में दो बार सांसद भी रह चुके हैं।

विश्च हिंदू परिषद (विहिप) के सूत्रों के अनुसार, उनका पार्थिव शरीर सोमवार देर शाम तक अयोध्या पहुंचेगा। दिवंगत नेता का अंतिम संस्कार मंगलवार को सुबह 10 बजे सरयू नदी के घाट पर होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य नेताओं के अंतिम संस्कार में शामिल होने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित