मुंबई , दिसंबर 29 -- बॉलीवुड के जानेमाने चरित्र अभिनेता बोमन ईरानी, दक्षिण भारतीय फिल्म स्टार राम चरण स्टारर 'पेड्डी' की शूटिंग में शामिल हो गये हैं।
राम चरण की आने वाली फिल्म पेड्डी के अनाउंसमेंट वीडियो से लेकर फर्स्ट-लुक पोस्टर्स और टीज़र की झलकियों तक, इसका हर कंटेंट सोशल मीडिया पर सुर्खियां, ट्रेंड और जबरदस्त एक्साइटमेंट पैदा करता रहा है। ठीक इसी तरह से फिल्म का पहला सिंगल 'चिकिरी चिकिरी' रिलीज होते ही छा गया और सिर्फ 24 घंटे में 46 मिलियन से ज्यादा व्यूज़ के साथ साल के सबसे ज़्यादा देखे और पसंद किए जाने वाले गानों में शामिल हो गया। इसी बढ़ते क्रेज के बीच अब फिल्म से जुड़ा एक और बड़ी अपडेट सामने आई है, जहां जाने माने अभिनेता बोमन ईरानी शूटिंग का हिस्सा बन गए हैं।
सोशल मीडिया पर मेकर्स ने बोमन ईरानी की पेड्डी में एंट्री का ऐलान एक बीटीएस तस्वीर के साथ की है। इस तस्वीर में बोमन ईरानी, निर्देशक बुची बाबू सना और सिनेमैटोग्राफर आर. रत्नावेलु के साथ नजर आ रहे हैं।
राम चरण, जाह्नवी कपूर, जगपति बाबू, शिवा राजकुमार और दिव्येंदु शर्मा जैसे सितारों से सजी पेड्डी का निर्देशन बुची बाबू सना कर रहे हैं। इस फिल्म को माइथ्री मूवी मेकर्स और सुकुमार राइटिंग्स प्रस्तुत कर रहे हैं, जबकि इसे वृधि सिनेमाज के बैनर तले बनाया गया है। पेड्डी 27 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित