रायपुर , मार्च 27 -- रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उत्साह का व्यापक माहौल देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर से लेकर रायगढ़, कोरबा और अंबिकापुर तक विविध आयोजन श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं।
राजधानी रायपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में हनुमान चालीसा महापाठ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन लगातार 18वें वर्ष किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। विशेष बात यह है कि इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भारत के अलावा 100 से अधिक देशों में किया जाएगा, जिससे वैश्विक स्तर पर श्रद्धालु एक साथ जुड़ सकेंगे। आयोजन से जुड़े सदस्यों के अनुसार, देश भर के लगभग 2000 स्थानों पर एक ही समय में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत शाम छह बजे भजन संध्या से होगी, जिसके बाद शाम सात बजे सामूहिक पाठ आरंभ होगा। रात्रि नौ बजे जीवन प्रबंधन विषय पर पंडित विजय शंकर मेहता का विशेष प्रवचन होगा।
वहीं रायगढ़ में रामनवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न समाजों और संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी रहेगी। शोभायात्रा के दौरान पारंपरिक नृत्य, बैंड और आकर्षक झांकियां प्रमुख आकर्षण होंगी। आयोजन मार्ग पर चिकित्सा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं तथा प्रशासन द्वारा पूरे आयोजन की निगरानी की जाएगी।
कोरबा में प्रसिद्ध कथावाचक पंडित धीरेंद्र शास्त्री द्वारा हनुमंत कथा का आयोजन किया जाएगा, जबकि अंबिकापुर के प्राचीन राम मंदिर में दोपहर 12 बजे राजपरिवार के सदस्य विशेष पूजा-अर्चना करेंगे।
पूरे राज्य में आयोजित इन कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से पर्व का आनंद ले सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित