वाराणसी , मार्च 27 -- रामनवमी के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय संकट मोचन हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
दशकों से चली आ रही श्री हनुमान ध्वजा यात्रा में भी उन्होंने प्रत्येक वर्ष की भांति सहभागिता की। यह ध्वजा यात्रा वाराणसी की प्राचीन धार्मिक परंपराओं में से एक मानी जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्ति और उत्साह के साथ शामिल होते हैं। मान्यता है कि इस यात्रा में सम्मिलित होकर श्रद्धालु पवनसुत हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं और जीवन में आने वाले संकटों से मुक्ति पाते हैं।
इसके पश्चात प्रदेश अध्यक्ष अजय राय त्रिपुरा भैरवी स्थित प्रसिद्ध राम रमापति बैंक मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और लोक-कल्याण, प्रदेश की खुशहाली तथा समाज में सुख-शांति की कामना की। यह मंदिर अपनी अनूठी परंपरा के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध है। यहां श्रद्धालुओं द्वारा वर्षों से लिखे गए हस्तलिखित "राम नाम" का विशाल संग्रह सुरक्षित रखा गया है, जिसकी संख्या अरबों में बताई जाती है। इसी कारण इसे "राम नाम का बैंक" भी कहा जाता है। श्रद्धालु श्रद्धा और विश्वास के साथ कागज पर "राम" नाम लिखकर यहां समर्पित करते हैं और मान्यता है कि ऐसा करने से उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित