रामनगर13मार्च (वार्ता) उत्तराखंड के रामनगर में देर रात रामनगर वन प्रभाग के अंतर्गत पड़ने वाले हल्द्वानी रामनगर राज्य मार्ग पर नगर वन के समीप हाथियों का झुंड सड़क पर आ गया, जिसके कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गयी।

इस घटना की जानकारी मिलने पर वनकर्मी मौके पर पहुंचे। वन अधिकारी इंदर लाल ने बताया कि 10 हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर सड़क पर आ गया था। इस झुंड में छोटे हाथी के बच्चे भी शामिल थे। हाथियों की गतिविधि को देखते हुए लोगों में डर का माहौल बन गया था। उन्होंने बताया कि हाथियों के आने की सूचना मिलते ही हमारी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सबसे पहले सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायत को रोक दिया गया। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर रामनगर के नए बाईपास पुल के पास वाहनों की आवाजाही को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया, ताकि हाथियों को बिना किसी बाधा के सुरक्षित जंगल की ओर जाने दिया जा सके। उन्होंने बताया कि हाथी जब अपने बच्चों के साथ होते है तो आक्रामक भी हो जाते है ,ऐसे में टीम ने बेहद सावधानी के साथ स्थिति को नियंत्रित किया,वन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर निगरानी करते हुए हाथियों के जंगल की ओर बढ़ने का इंतजार किया और बाद में हल्की आवाज तथा लाइट की मदद से उन्हें सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा गया।

करीब कुछ समय बाद जब हाथियों का झुंड पूरी तरह से जंगल की ओर चला गया तो वन विभाग ने यातायात को फिर से शुरू करवाया। इसके बाद सड़क पर फंसे वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो सकी। वन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि जंगल क्षेत्र से गुजरते समय सावधानी बरतें और वन्यजीव दिखने पर वाहन रोककर सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित