रामनगर , जनवरी 20 -- उत्तराखंड में रामनगर-हल्द्वानी राज मार्ग पर गूलरशिद्ध मंदिर के आसपास हमलावर बाघ के दिखाई देने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए वन विभाग ने एहतियातन सख्त कदम उठाए हैं।
विभाग द्वारा अब शाम ढलते ही इवनिंग वॉक पर निकलने वाले लोगों को लाउड स्पीकर के माध्यम से चेतावनी दी जा रही है और जरूरत पड़ने पर बलपूर्वक भी उन्हें जंगल और सड़क किनारे के इलाकों में जाने से रोका जा रहा है।
वन विभाग के अनुसार यह कदम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। उल्लेखनीय है कि महज दो दिन पूर्व इसी क्षेत्र में एक युवक पर बाघ ने हमला कर दिया था, जिसमें युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भय व्याप्त है और शाम होते ही सड़क किनारे तथा जंगल से सटे इलाकों में सन्नाटा पसरने लगा है।
वन विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं। लाउड स्पीकर के जरिए लोगों से अपील की जा रही है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, खासकर सुबह-शाम के समय। साथ ही मंदिर क्षेत्र और सड़क किनारे बाघ की संभावित आवाजाही वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गूलरशिद्ध मंदिर के आसपास रोजाना बड़ी संख्या में लोग टहलने आते थे, लेकिन अब भय के कारण लोग घरों में ही रहने को मजबूर हैं। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब तक बाघ की गतिविधियों पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं हो जाता, तब तक यह सख्ती जारी रहेगी। लोगों से सहयोग की अपील की गई है ताकि किसी और अनहोनी से बचा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित