रामनगर , मार्च 09 -- उत्तराखंड में रामनगर-हल्द्वानी राज्य मार्ग पर सोमवार को दो कारों की टक्कर में एक व्यक्ति घायल हो गया।

यह सड़क हादसा बेलगढ़ के पास आज सुबह करीब 11 बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार एक बस को ओवरटेक करने की कोशिश में एक कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहीं कार से टकरा गयी जिससे दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में एक कार का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद रामनगर-हल्द्वानी राजमार्ग पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित