रामनगर , जनवरी 26 -- उत्तराखंड में रामनगर-रानीखेत राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब रिंगोड़ा क्षेत्र के पास एक जंगली हाथी एकाएक सोमवार दोपहर के समय जंगल से निकलकर सड़क पर आ गया। यह मार्ग कुमाऊं और गढ़वाल को जोड़ने वाला बेहद व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग है, जिस पर दिनभर भारी वाहनों के साथ-साथ पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है।

घटना रामनगर के रिंगोड़ा क्षेत्र की है, जो पहले से ही हाथी कॉरिडोर के रूप में चिन्हित है। अचानक सड़क पर हाथी को देखकर दोनों ओर से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए, जिससे हाईवे के दोनों तरफ लंबी कतारें लग गईं। कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया और लोग अपने वाहनों में ही हाथी के जंगल की ओर लौटने का इंतजार करते नजर आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी कुछ देर तक सड़क पर टहलता रहा और आसपास के माहौल को भांपता रहा। इस दौरान किसी भी वाहन चालक ने लापरवाही दिखाने की कोशिश नहीं की, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं घटी। हाथी के सड़क पार करते ही यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका और जाम खुल गया।

घटना के दौरान कई पर्यटक हाथी को सुरक्षित दूरी से अपने मोबाइल और कैमरों में कैद करते नजर आए। हालांकि वन विभाग द्वारा लगातार लोगों से अपील की जाती रही है कि हाथी कॉरिडोर क्षेत्र में सावधानी बरतें और जंगली जानवरों के नजदीक जाकर फोटो या वीडियो न बनाएं।

वन विभाग का कहना है कि रिंगोड़ा और आसपास का क्षेत्र हाथियों की आवाजाही का प्राकृतिक मार्ग है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरते समय वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए, गति सीमित रखें और वन्यजीव दिखने पर शांति बनाए रखें, ताकि इंसान और वन्यजीव दोनों सुरक्षित रह सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित