रामनगर , मार्च 13 -- उत्तराखंड के रामनगर में शुक्रवार को रसोई गैस की एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतार देखने को मिली।

यहां शुक्रवार को सुबह सात बजे से ही भीड़ उमड़ने लगी और पूर्वाह्न 11 बजे लोग सिलेंडर वितरण में खामियों का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। बताया कि कई बार के प्रयासों के बाद भी सिलेंडर बुक हो ही नहीं रहा है, जबकि कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने चार दिन पहले गैस की बुकिंग की थी, लेकिन अब तक आपूर्ति नहीं हुई है। इससे वह लोग गैस एजेंसी में पहुंचे है।

इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक दीपक कुमार आर्य ने बताया कि करीब आठ सौ बैक लॉक है।कल से एजेंसी से सिलेंडर नहीं दिए जाएंगे। लोगों के घरों तक गैस पहुंचाई जाएगी।

वहीं भारत गैस एजेंसी में भी सुबह से ही लोगों की भीड़ रही। लोगों ने बताया कि बुकिंग में दिक्कतें आने से गैस बुकिंग तक नहीं हो पा रही है। इससे एजेंसी में दिन भर लोग सिलेंडर लेकर आते दिखे। उप जिलाधिकारी (एसडीएम) गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि गैस एजेंसी प्रबंधकों की बैठक लेकर उन्हें लोगों को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित