रामनगर , फरवरी 05 -- उत्तराखंड के रामनगर में गुरुवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। लखनपुर चुंगी पर युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमित लोहनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक का पुतला दहन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुमित लोहनी ने कहा कि कुछ दिन पूर्व राजधानी देहरादून में गुंजन नाम की युवती की दिनदहाड़े सरेआम हत्या की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है, जिसके चलते लगातार विभिन्न इलाकों में आपराधिक घटनाएं खुलेआम सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल हो चुकी है और सरकार हालात काबू में करने में विफल साबित हो रही है।

सुमित लोहनी ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा के लिए कोई ठोस और प्रभावी व्यवस्था नजर नहीं आ रही है, जिसके कारण आए दिन महिलाओं के खिलाफ गंभीर अपराध हो रहे हैं। उन्होंने इन हालातों के लिए सीधे तौर पर पुलिस महानिदेशक को जिम्मेदार ठहराया और उनसे नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के माध्यम से अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए गुंजन के हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा, फांसी देने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रदेश सरकार ने अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की, तो युवा कांग्रेस सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन द्वारा मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित