नैनीताल/रुद्रपुर , मार्च 31 -- उत्तराखंड के कुमाऊं के तराई-पश्चिम वन प्रभाग के रामनगर रेंज में सोमवार शाम एक बाघिन का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। वन अधिकारियों ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत शव को नष्ट कर दिया। प्रारंभिक तौर पर बाघिन की मौत प्राकृतिक रूप से होने की आशंका जताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल शाम गश्त के दौरान टीम को जंगल में बाघिन का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। आज पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद नियमों के तहत शव का निस्तारण किया गया।

बाघिन की उम्र लगभग चार वर्ष बताई जा रही है और शव लगभग दो दिन पुराना माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। साथ ही जिस क्षेत्र में शव मिला है, वहां गश्त बढ़ा दी गई है।

वहीं, इसी वन प्रभाग में तेंदुओं की बढ़ती गतिविधि के बीच वन विभाग ने एक तेंदुए को पिंजरे में कैद करने में सफलता हासिल की है। जसपुर ब्लॉक के पतरामपुर और मनोरथपुर गांव में तीन तेंदुओं के देखे जाने की सूचना के बाद ग्रामीणों की मांग पर बुढ़ाफार्म क्षेत्र में पिंजरा लगाया गया था। कल एक तेंदुआ पिंजरे में फंस गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित