रामनगर , फरवरी 13 -- उत्तराखंड में रामनगर कोतवाली पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चरस और स्मैक बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ इससे पहले भी मादक औषधि एवं मनोरोगी पदार्थ अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मालधन चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ नई बस्ती गुलरघट्टी क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें क्षेत्र निवासी दीपक कश्यप उर्फ काली (33 वर्ष) संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा और जेब में रखे नशीले पदार्थ को फेंकने की कोशिश की लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

रामनगर के क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने बताया कि आरोपी के कब्जे से 25 ग्राम स्मैक और करीब 64 ग्राम चरस बरामद की गई है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित