रामनगर , मार्च 09 -- उत्तराखंड के रामनगर में आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लेखराज गौतम के आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान रामनगर विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष शाहरुख शेरिया ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष का फूल-मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष गौतम ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत बनाने और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाना होगा।

श्री गौतम ने कहा कि आजाद समाज पार्टी लगातार प्रदेश में अपने संगठन का विस्तार कर रही है और युवाओं तथा आम जनता का समर्थन भी पार्टी को मिल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और बूथ स्तर तक पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाने का काम करें, ताकि अधिक से अधिक लोग पार्टी से जुड़ सकें।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में आजाद समाज पार्टी प्रदेश की राजनीति में अहम भूमिका निभाएगी। पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाएगी और प्रदेश की जनता को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प देने का काम करेगी।

इस दौरान श्री शेरिया सहित कई स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि रामनगर क्षेत्र में संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित