रामनगर, 4जनवरी (वार्ता) उत्तराखंड के रामनगर में बुधवार को भारतीय पूर्व सैनिक लीग के प्रदेश अध्यक्ष एवं सेवा निवृत्त मेजर जनरल एम.एल. असवाल का पूर्व सैनिक कल्याण एवं उत्थान समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, समिति के पदाधिकारी और एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।
इस अवसर पर उपस्थित पूर्व सैनिकों ने मेजर जनरल असवाल के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं और उनके समाधान की मांग की। पूर्व सैनिकों ने पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाएं, पुनर्वास और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेवा निवृत्त मेजर जनरल एम.एल. असवाल ने कहा कि "फौजी कभी रिटायर नहीं होता।" उन्होंने कहा कि सेना से सेवानिवृत्ति के बाद भी एक सैनिक के भीतर देशभक्ति का जज्बा हमेशा जीवित रहता है। उन्होंने पूर्व सैनिकों से आह्वान किया कि वे अपने अनुभवों को समाज के साथ साझा करें, आम जनमानस की समस्याओं को सुनें और राष्ट्र निर्माण से जुड़े सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।
मेजर जनरल असवाल ने भारतीय पूर्व सैनिक लीग के सदस्यता अभियान को मजबूत करने पर भी जोर दिया और सभी पूर्व सैनिकों से संगठन से जुड़ने की अपील की। उन्होंने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना की सराहना करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से देश के हजारों युवा सेना से जुड़कर अनुशासन, सेवा और देशभक्ति के मूल्यों को आत्मसात कर रहे हैं। यह योजना युवाओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ राष्ट्र की सुरक्षा को भी मजबूत कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित