मुरादाबाद , अप्रैल 30 -- गर्मी के मौसम में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने रामनगर-दिल्ली-रामनगर एक्सप्रेस का ठहराव पीरुमदारा स्टेशन पर एक मई से सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने गुरुवार को बताया कि ट्रेन संख्या 25036 रामनगर-दिल्ली एक्सप्रेस का एक मई से प्रातः 09:58 से 09:59 बजे तक तथा ट्रेन संख्या 25035 दिल्ली-रामनगर एक्सप्रेस का रात्रि 20:33 से 20:34 बजे तक रामनगर-काशीपुर रेलखंड स्थित पीरुमदारा स्टेशन पर अगले आदेश तक नियमित ठहराव रहेगा।

उन्होंने बताया कि यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए विभिन्न ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच भी लगाए जा रहे हैं। इसके तहत गाड़ी संख्या 04010 दिल्ली-सीतामढ़ी में 07 मई को तथा 04009 सीतामढ़ी-दिल्ली में 09 मई को एक-एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ा जाएगा।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 14207 मां बेहला देवी धाम प्रतापगढ़-दिल्ली में 09 से 15 मई तक तथा 14208 दिल्ली-मां बेहला देवी धाम प्रतापगढ़ में 12 से 18 मई तक अतिरिक्त स्लीपर कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। गाड़ी संख्या 14205 अयोध्या कैंट-दिल्ली में 11 से 17 मई तक तथा 14206 दिल्ली-अयोध्या कैंट में 10 से 16 मई तक एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा।

इसके अतिरिक्त गाड़ी संख्या 22420 आनंद विहार टर्मिनल-गाजीपुर सिटी में 09 से 14 मई तक तथा 22419 गाजीपुर सिटी-आनंद विहार टर्मिनल में 10 से 15 मई तक यात्रियों की सुविधा के लिए एक अतिरिक्त स्लीपर कोच उपलब्ध रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित