रामनगर , जनवरी 28 -- उत्तराखंड में रामनगर के मुख्य बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रानीखेत रोड पर शहर के बीचो-बीच खड़े एक बिजली के पोल में अचानक भीषण आग लग गई।

यह घटना दिन के समय हुई, जिससे आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। आग इतनी तेज थी कि बिजली के पोल पर लगे पुलिस निगरानी कैमरे भी इसकी चपेट में आ गए और जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक पोल से धुआं निकलता दिखाई दिया और कुछ ही पलों में आग की लपटें तेज हो गईं। चूंकि यह स्थान शहर का व्यस्त इलाका है, इसलिए किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। आग लगने के कारण कुछ समय के लिए रानीखेत रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा।

सूचना मिलते ही रामनगर फायर ब्रिगेड की टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फायर ब्रिगेड की तत्परता के चलते आसपास की दुकानों और वाहनों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित