रामनगर , जनवरी 13 -- उत्तराखंड के रामनगर के तराई पश्चिमी वन प्रभाग की पतरामपुर रेंज अंतर्गत आबादी वाले इलाकों में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला पतरामपुर भूड़ा फार्म क्षेत्र का है, जहां सोमवार देर रात गुलदार ने एक घर में घुसकर पालतू कुत्ते को अपना निवाला बना लिया। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भूड़ा फार्म निवासी सतनाम सिंह के घर के बाहर कल देर रात दो गुलदार देखे गए। काफी समय तक गुलदार घर के आसपास घूमते रहे, जिससे परिवार के लोग दहशत में आ गए। इसी दौरान एक गुलदार घर के आंगन में घुस आया और वहां बंधे पालतू कुत्ते पर हमला कर उसे मार डाला। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है और ग्रामीण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
वन विभाग के अनुसार पतरामपुर भूड़ा फार्म क्षेत्र में बीते कुछ समय से गुलदार की लगातार आवाजाही देखी जा रही है। रिहायशी इलाके में गुलदार के आने से बच्चों, बुजुर्गों और अकेले बाहर निकलने वाले लोगों को लेकर खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित