रांची , फरवरी 07 -- झारखंड के रामगढ़ जिले के महुआटांड़ गंगपुर में जंगली हाथियों ने शुक्रवार को 55 वर्षीय समर साव और उनके 3 वर्षीय पोते अमन कुमार को कुचलकर मार डाला।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन व ग्रामीण चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन हाथियों के आतंक से कोई पास जाने की हिम्मत न जुटा सका। सूचना पर प्रशासन व वन विभाग की टीम पहुंची।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, 5 हाथियों का झुंड अचानक गांव में घुसा और एक घर को निशाना बनाया। इसी क्रम में समर साव व उनका पोता हाथियों की चपेट में आ गए। दोनों को बेरहमी से कुचल दिया गया, मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। परिवार वाले कुछ समझ पाते, उससे पहले हाथी गलियों में तांडव मचाते रहे। हाथी भागने के बाद ग्रामीणों ने साहस जुटाकर शव निकाले।

हाथी हमले में 11 वर्षीय राशि कुमारी, 6 वर्षीय आयुष कुमार, 9 वर्षीय राहुल कुमार व 50 वर्षीय शांति देवी घायल हुए। राहुल का पैर कुचल दिया गया, उसकी हालत नाजुक है। सभी को रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज चल रहा है।

एक दिन पहले ही सटे पन्नू गांव में हाथियों ने 3 लोगों की जान ली थी। ग्रामीणों का आरोप है कि शाम 5 बजे बाद बिजली कट जाती है, अंधेरा छा जाता है। इसी का फायदा उठाकर हाथी आते हैं। बिजली कटौती व हाथी हमलों से ग्रामीण आक्रोशित हैं, स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित