रांची , दिसंबर 27 -- झारखंड के रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र अंतर्गत पालू जंगल के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना में सीसीएल खलारी परियोजना में कार्यरत महावीर नायक (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 17 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार नायक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महावीर नायक अपने पुत्र के साथ मोटरसाइकिल (जेएच 01जी बी 1319) से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान पालू जंगल के पास एक तीखे मोड़ पर सामने से आ रही स्कॉर्पियो (जेएच 01ईएम 5356) से बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महावीर नायक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनका पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पतरातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं, घायल प्रिंस कुमार नायक को 108 एंबुलेंस की मदद से पहले पतरातू ब्लॉक अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक महावीर नायक भदानी नगर ओपी क्षेत्र के लपंगा गांव के निवासी थे।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पालू जंगल के पास स्थित यह मोड़ काफी खतरनाक है और यहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। बावजूद इसके अब तक न तो स्पीड ब्रेकर लगाए गए हैं और न ही चेतावनी बोर्ड। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित