हरिद्वार, मार्च 01 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए रविवार को सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। शिवालिक नगर के जे-कलस्टर स्थित दो घरों को निशाना बनाने वाले आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई चांदी की मूर्तियां, मोबाइल फोन और साइकिल बरामद की गई है। दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 फरवरी को जे-97 शिवालिक नगर निवासी रंजीत झा के घर की दीवार फांदकर अज्ञात चोरों ने घर के मंदिर में रखी गणेशजी व लक्ष्मीजी की चांदी की मूर्तियां तथा चौकीदार का की-पैड मोबाइल फोन चोरी कर लिया। इसी दिन जे-67 शिवालिक नगर निवासी रविकांत गुप्ता के घर से भी अज्ञात चोर साइकिल चोरी कर ले गए। दोनों मामलों में शिकायत मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

घटनाओं के खुलासे के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए इन्द्रलोक कॉलोनी की ओर से आने वाले कच्चे रास्ते पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान विकास उर्फ डी.के. और राजू कुमार पुत्र सुग्गन चंद, मूल निवासी ग्राम कसियारा थाना चरथावल जनपद मुजफ्फर नगर (उ.प्र.) हाल निवासी अन्नेकी हेतमपुर थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों मामलों से संबंधित चोरी का सामान बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सगे भाई हैं और नशे के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए वे घरों को निशाना बनाते थे और चोरी का सामान सस्ते दामों में राहगीरों को बेच देते थे। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ सिडकुल और रानीपुर थानों में चोरी, गैंगस्टर और अन्य मामलों सहित एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। विगत वर्ष भी दोनों को जेल भेजा गया था और हाल ही में जमानत पर बाहर आए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित