बैतूल , जनवरी 13 -- बैतूल जिले के पश्चिम वनमंडल अंतर्गत गावसेन रेंज में सोमवार देर रात वन विभाग की सतर्कता से सागौन तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। रात्रि गश्त के दौरान हरदा जिले की सीमा के पास एक बिना नंबर के ट्रक को पकड़ते हुए वन विभाग ने ढाई घन मीटर सागौन लकड़ी और वाहन को जब्त किया है।
गावसेन रेंज के रेंजर सुधीर कुमार पवार ने बताया कि पश्चिम वनमंडल के उत्पादन वन मंडल क्षेत्र में कूप क्रमांक 9 में विधिवत कटाई की गई थी। इसी कटाई से प्राप्त सागौन के लट्ठों को अज्ञात तस्कर रात के अंधेरे में चोरी कर अवैध रूप से परिवहन कर रहे थे। रात्रि गश्ती दल ने संदिग्ध ट्रक को हरदा जिले की सीमा की ओर जाते देखा और रोकने के लिए सायरन बजाया।
सायरन सुनते ही तस्करों ने हाईवे पर ट्रक की गति बढ़ा दी और मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन वन विभाग की टीम ने पीछा करते हुए गंजाल नदी के पुल पर ट्रक को पकड़ लिया। जांच के दौरान ट्रक में लदे सागौन के लट्ठों का अवैध परिवहन पाया गया, जिसके बाद लकड़ी और वाहन को जब्त कर लिया गया।
रेंजर पवार ने बताया कि तस्करी में संलिप्त गिरोह तक पहुंचने के लिए मोबाइल टावर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड मंगाई गई है, जिससे पूरे नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी पश्चिम वनमंडल के चिचोली रेंज में सागौन की अवैध कटाई और तस्करी के मामले सामने आ चुके हैं।
वन विभाग ने बताया कि सागौन तस्करी पर रोक लगाने के लिए निगरानी और सख्ती और बढ़ाई जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित