बारां , नवम्बर 01 -- राजस्थान में बारां जिले के अंता विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने शनिवार को अंता, मांगरोल में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
अंता में बैठक को संबोधित करते हुए श्री राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस ने जिस प्रत्याशी को मैदान में उतारा है, वह भ्रष्टाचार का प्रतीक बन चुका है। कांग्रेस के ही पूर्व मंत्री दिवंगत भरत सिंह ने स्वयं गंभीर आरोप लगाये थे। उसी व्यक्ति को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा ने जमीन से जुड़े किसान एवं दुकानदार मोरपाल सुमन जैसे आम कार्यकर्ता को टिकट देकर कार्यकर्ता आधारित राजनीति की परंपरा को आगे बढ़ाया है। यह चुनाव व्यक्ति के चरित्र और विश्वसनीयता का चुनाव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर जाकर जनता से संवाद करने का आग्रह किया।
श्री राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में देश और प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर हैं। जनता अब विकास चाहती है और भाजपा ही उस विश्वास की प्रतीक है।
बैठक में चुनाव प्रभारी एवं सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि भाजपा ने हमेशा दिलों को जोड़ने का कार्य किया है। यह उपचुनाव आगामी पंचायत चुनावों की दिशा भी तय करेगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के साथ क्षेत्र के विकास को नयी गति मिलेगी।
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने क्षेत्र की चुनावी स्थिति की समीक्षा की और आमजन से संवाद करके भाजपा के दृष्टिकोण एवं विकास योजनाओं की जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित